गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने पर पति ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पहले चाकू से पत्नी के गले पर वार किया, फिर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला गौरेला थाना क्षेत्र के अंजनी गांव का है। जेपी एग्रोटेक के मजदूरों ने अंजनी गांव की झाड़ियों में एक महिला का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। उसके पति का नाम सुमित कुमार यादव है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे आरोपी सुमित कुमार यादव (32) ने अपनी पत्नी को कमरे में नहीं पाया। इसके बाद वह उसे ढूंढने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान उसने पत्नी को एक परिचित व्यक्ति के साथ देखा।
सुमित ने गुस्से में उस व्यक्ति को दौड़ाया। वह मौके से भाग निकला। इसके बाद सुमित और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। विवाद के दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पूछताछ में झूठे बयान दिए।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। `गौरेला थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 103(1) और 238(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags: