पति ने फोन पर दिया तीन तलाक, पत्नी का गंभीर आरोप- प्रेग्नेंसी में किया गया टॉर्चर, फिर की दूसरी शादी

छग

Update: 2025-08-04 18:27 GMT
Raipur/Kanker. रायपुर/कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक महिला उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है, जिसमें पीड़िता ने अपने पति पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पति ने फोन पर 'तलाक-तलाक-तलाक' कहकर रिश्ता तोड़ दिया और दूसरी शादी कर ली। इस मामले ने न सिर्फ सामाजिक सरोकारों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की भयावहता को भी उजागर किया है।
शादी के बाद शुरू हुआ दहेज का दबाव
सलमा वारसी, जो कांकेर के गोविंदपुर क्षेत्र की निवासी हैं, ने बताया कि उनकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से 9 अप्रैल 2017 को गरियाबंद निवासी इरफान वारसी से हुई थी। शुरुआती कुछ महीनों के बाद ही पति, सास और ननद द्वारा दहेज को लेकर दबाव डाला जाने लगा। सलमा के अनुसार, पति ने बिजनेस के लिए बार-बार पैसों की मांग की और न देने पर धमकाया कि घर से निकाल देगा।
प्रेग्नेंसी के दौरान अमानवीय बर्ताव
सलमा ने बताया कि वह जब गर्भवती हुई, तब उसे भूखा रखा गया, भारी काम करवाया गया और मानसिक उत्पीड़न किया गया। 7 महीने की गर्भवती होने पर 25 अक्टूबर 2017 को पति ने मायके कांकेर छोड़ दिया और फिर कोई संपर्क नहीं किया। सलमा ने 25 दिसंबर 2017 को बेटे को जन्म दिया, लेकिन न ससुराल वालों ने हालचाल लिया, न बच्चे को देखने आए।
शर्तों के साथ ससुराल वापसी
बाद में ससुराल वाले सलमा को मायके से लेने तो आए, लेकिन एक शर्त पर – “फोन नहीं ले जाएगी, जैसा हम कहेंगे वैसा ही करना होगा।” मजबूरी में सलमा उनके साथ चली गई। मगर वहां भी उसे ननद और सास की प्रताड़ना झेलनी पड़ी। सलमा पोथिया नाम की ननद आए दिन इरफान को उकसाती थी कि पत्नी को तलाक दे दे और दूसरी शादी कर ले।
कमरे में बंद कर पीटा, फोन से किया संपर्क
सलमा ने बताया कि एक दिन सास और ननद ने मिलकर उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। किसी तरह वह बाहर निकलने में कामयाब हुई और पड़ोसी के फोन से मायके में सूचना दी। इसके बाद मौसी का बेटा मुनाफ मेमन उसे लेने आया।
मोबाइल से मिला पति के अफेयर का सुराग
मायके जाते वक्त सलमा पति का मोबाइल भी साथ ले आई, जिसमें उसे दूसरी महिला के साथ अफेयर के सबूत मिले – फोटो, मैसेज और कॉल हिस्ट्री। जब सलमा ने इस पर सवाल किया तो पति ने महिला को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़कर साफ कहा कि उसका पहले से अफेयर है और घरवालों के दबाव में शादी की थी।
मुस्लिम समाज ने समझौता कराने की कोशिश की
सलमा ने यह बात मुस्लिम समाज के मुखिया को बताई, जिन्होंने समझा-बुझाकर उसे फिर से ससुराल भेजा। इरफान ने किराए का एक मकान लेकर कुछ समय तक सलमा और बेटे के साथ रहना शुरू किया, लेकिन अक्सर काम के बहाने बाहर रहता था।
फिर मिले दूसरी शादी के सबूत
एक दिन सलमा ने दोबारा पति का मोबाइल चेक किया, जिसमें फिर से उसी महिला के मैसेज मिले। इस पर दोनों में बहस हुई। उसी दौरान 29 जून 2025 को सलमा के भाई और मां हज के लिए सऊदी अरब रवाना हुए और अगले दिन यानी 30 जून 2025 को इरफान ने दूसरी शादी कर ली।
भाई को भी दी गालियां, फिर तीन तलाक
सलमा ने बताया कि जब भाई ने इरफान से फोन पर बात की, तो उसने गाली-गलौज की। फिर 20 जुलाई 2025 को इरफान ने फोन पर बात करते हुए सलमा को तीन बार 'तलाक' कहा और रिश्ता खत्म कर दिया। सलमा ने यह पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर रखी है, जो अब पुलिस को सौंप दी गई है।
कांकेर थाने में की शिकायत, न्याय की मांग
सलमा ने कांकेर के सिविल लाइन थाने में अपने पति इरफान वारसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में दहेज प्रताड़ना, दूसरी शादी, तीन तलाक, घरेलू हिंसा और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, मुस्लिम समाज के कुछ सदस्यों ने भी सलमा को न्याय दिलाने की मांग की है।
कानूनी पहलुओं पर ध्यान देने की जरूरत
यह मामला उस वक्त सामने आया है जब केंद्र सरकार ने तीन तलाक को गैरकानूनी घोषित कर अपराध की श्रेणी में शामिल कर रखा है। बावजूद इसके, यह घटना दर्शाती है कि समाज में अभी भी इस कानून की प्रभावी जागरूकता और कड़ाई से पालन नहीं हो पा रहा है।
Tags:    

Similar News