Kabirdham. कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चल रहे अवैध शराब तस्करी व आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने अभियान के तहत चिल्फ़ी थाना पुलिस ने ग्राम बेंदा में छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी छोटेलाल धुर्वे (निवासी ग्राम बेंदा) को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक थाना चिल्फ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेंदा में एक युवक घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी छोटेलाल धुर्वे के घर की तलाशी ली तो वहां से 40 पेटी (कुल 359.280 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद की गई।
जब्त की गई शराब का विवरण
पुलिस ने घर से विभिन्न ब्रांड और प्रकार की अवैध देशी व विदेशी शराब बरामद की, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,95,200 आंकी गई है। जब्त शराब में शामिल है:
20 पेटी (1000 नग) देशी प्लेन मदिरा
10 पेटी (500 नग) जीनियस व्हिस्की
2 पेटी (48 नग) पावर केन बियर
2 पेटी (24 नग) पावर कुल बियर
1 पेटी (48 नग) इम्पीरियल ब्लू
1 पेटी (48 नग) मैजिक मोमेंट
1 बोरी (100 नग) मेकडावल नं.01 रम
1 बोरी (81 नग) देशी प्लेन शराब
पुलिस के अनुसार आरोपी यह अवैध शराब मध्यप्रदेश से लाकर जिले में बेच रहा था।
आरोपी पर मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह का बयान
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा- “कबीरधाम पुलिस का सीधा संदेश है कि अवैध कारोबारियों के दिन अब लद चुके हैं। कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल का दरवाज़ा हमेशा खुला है। जो लोग जिले की फिज़ा को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनका यही अंजाम होगा। किसी भी कीमत पर अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।”
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, सायबर प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक बीरबल साहू, आरक्षक मो. इरफ़ान, हरजेंद्र रात्रे, अजय चंद्रवंशी, मोहित काठले, पप्पू पनागर, शिव नारायण साहू, अमन वाहने और मनोज धुर्वे शामिल रहे। टीम ने मिलकर सराहनीय कार्य किया और जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।
लगातार जारी है अभियान
कबीरधाम पुलिस द्वारा बीते कुछ समय से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अब तक कई कार्रवाइयाँ की हैं। एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा। गांवों और कस्बों में अवैध शराब बेचने वालों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का काम किया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसे कारोबारियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सख्ती से काबू पाने का संकल्प
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे समाज और युवा वर्ग पर बुरा असर पड़ता है। इस कारोबार में शामिल लोगों को हर हाल में पकड़कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब जिले में अवैध शराब तस्करी और बिक्री करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा और जिले को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।