कबाड़ी दुकान और झोपड़ी में भीषण आग, दो परिवारों को लाखों का नुकसान

छग

Update: 2025-08-17 17:25 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार की रात खम्हारडीह थाना क्षेत्र के सत्यम नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई। देर रात अज्ञात कारणों से कबाड़ी दुकान और उसके बगल में बनी झोपड़ी में आग लग गई, जिससे दोनों परिवारों का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान और झोपड़ी में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
घटना कैसे हुई
मिली जानकारी के अनुसार सत्यम नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान नं. 18, ब्लॉक नं. 09 में रहने वाली एक महिला अपने पति और बच्चों के साथ चंडी नगर रेलवे फाटक के पास कबाड़ी सामान खरीदने-बेचने का काम करती है। रोज की तरह 16 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे पति-पत्नी दुकान का झोपड़ा बंद कर घर चले गए। रात लगभग 3 बजे दुकान मालिक को रोशन नामक व्यक्ति का फोन आया कि कबाड़ी झोपड़ा और बगल की झोपड़ी में आग लग गई है और तेज लपटें निकल रही हैं। खबर मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और देखा कि पूरा झोपड़ा आग की लपटों में घिरा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि आगजनी में दुकान में रखा लगभग 150 किलो कॉपी-किताब, 30 किलो कार्टून, 80 किलो प्लास्टिक सामान समेत करीब 70 हजार रुपये का माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं झोपड़ी की लकड़ी और टीन शेड भी राख में बदल गए।
पड़ोसी इंद्राणी यादव की झोपड़ी भी राख
आग सिर्फ कबाड़ी दुकान तक ही सीमित नहीं रही बल्कि बगल में रहने वाली इंद्राणी यादव की झोपड़ी भी इसकी चपेट में आ गई। इंद्राणी यादव हाल ही में अपनी बेटी का इलाज कराने बाहर गई थीं, लेकिन घटना की खबर मिलते ही वह पहुंचीं और देखा कि उनका सबकुछ जलकर खाक हो गया। इंद्राणी ने पुलिस को बताया कि आग में उनकी साइकिल, टीवी, पंखा, सिलिंग पंखा, पलंग, बर्तन, छतरी, बच्चे की कॉपी-किताब, स्कूल बैग, नकद 7,500 रुपये और सोने के गहने (नाक की फूल्ली और कान की बाली की जोड़ी) पूरी तरह नष्ट हो गए। अनुमानित नुकसान करीब 1 लाख रुपये का बताया गया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है क्योंकि दुकान और झोपड़ी पूरी तरह बंद थी। घटना के वक्त आसपास के कई लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने आग की लपटें देखी और तुरंत सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों झोपड़ियां धू-धू कर जल उठीं।
लाखों का नुकसान और परिवार बेघर
इस आगजनी में कबाड़ी दुकान मालिक का करीब 70 हजार रुपये और इंद्राणी यादव का लगभग 1 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवार अब संकट में आ गए हैं। एक तरफ रोजी-रोटी का सहारा देने वाली कबाड़ी दुकान राख हो गई तो दूसरी ओर इंद्राणी का पूरा घर और गहने आग की भेंट चढ़ गए। खम्हारडीह थाना पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी। यदि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आगजनी की पुष्टि होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। रायपुर की यह घटना एक बार फिर से सुरक्षा और आगजनी रोकथाम को लेकर सवाल खड़े करती है। पीड़ित परिवार अब शासन-प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News