भीषण सड़क हादसा: कंटेनर-बाइक टक्कर में 27 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

छग

Update: 2026-02-28 14:11 GMT
MCB (Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur). एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर)। जिले के खोंगापानी क्षेत्र अंतर्गत घुटरीटोला चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कंटेनर वाहन और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान दुर्गेश केवट (27 वर्ष), पिता राम खेलावन, निवासी वार्ड क्रमांक 15, मनेन्द्रगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दुर्गेश Bijuri की ओर से आ रहा था। इसी दौरान मनेन्द्रगढ़ से बिजुरी की दिशा में जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर वाहन से उसकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खोंगापानी चौकी प्रभारी राकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। कंटेनर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि घुटरीटोला चेकपोस्ट के आसपास सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Tags:    

Similar News