रायपुर ATS की बड़ी कार्रवाई पर गृहमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान

छग

Update: 2025-11-18 18:55 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में ISIS से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। एटीएस को तीनों संदिग्धों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद रायपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। फिलहाल एटीएस के अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि तीनों किसी आतंकवादी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इस मामले पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लंबी जांच के बाद यह कार्रवाई बड़ी सफलता के रूप में सामने आई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों में से दो रायपुर के युवक ISIS के लिए काम कर रहे थे और पाकिस्तान के मॉड्यूल के संपर्क में थे। दोनों सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और फर्जी आईडी बनाकर लोगों को प्रभावित कर रहे थे।

गृहमंत्री ने यह भी कहा कि एटीएस की टीम को बढ़ाकर राज्य में ISIS से जुड़े हर संदिग्ध की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान स्थित इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) मॉड्यूल भारत में साजिश रच रहा था। युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी और हिंसक सामग्री दी जा रही थी। गिरफ्तार किए गए तीनों में दो नाबालिग शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ISIS मॉड्यूल खड़ा करने की योजना थी। इसके लिए किशोरों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें उन्हें कट्टरपंथी और हिंसक सामग्री परोसी जा रही थी। इन नाबालिगों को ब्रेनवॉश कर अपने आतंकवादी मकसद के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई गई थी। एटीएस को कुछ दिन पहले ही यह इनपुट मिला था कि छत्तीसगढ़ में ISIS मॉड्यूल सक्रिय हो रहा है।

इसके बाद एटीएस और अन्य जांच एजेंसियों ने साइबर निगरानी शुरू की। मॉड्यूल से जुड़े दो नाबालिगों की पहचान हुई, जिसके बाद 15 नवंबर की शाम को पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर पाकिस्तान में सक्रिय लोगों के मार्गदर्शन में फर्जी आईडी बनाकर लोगों को प्रभावित कर रहे थे। उनके पास कट्टरपंथी ऑडियो और वीडियो संदेश भी मिले हैं, जो यह दर्शाते हैं कि उन्होंने आतंकवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आतंकवाद और कट्टरपंथी विचारों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एटीएस की सतर्कता और समय पर कार्रवाई ने बड़ी घटना को रोकने में मदद की है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत कोतवाली या एटीएस को सूचित करें।
Tags:    

Similar News