घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-19 18:23 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करने और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार घटना 17 मई 2026 की रात करीब 10:35 बजे की है। प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात के समय कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, घनश्याम और उसके साथी जबरन घर के अंदर घुस आए।

आरोप है कि आरोपियों ने अंदर घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने धारदार चाकू से हमला किया और घर के गेट पर ईंट-पत्थर से तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी, जिसके बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू (26), पुनीत राव गजवे (22) और पियुष रजक (19) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी अविनाश मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल और धारदार चाकू जब्त किया है। अन्य आरोपियों और अपचारी बालक से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कोई विवाद तो नहीं था।
Tags:    

Similar News