बिलासपुर में लॉकअप से इंस्टाग्राम लाइव, हिस्ट्रीशीटर का वीडियो वायरल

छरत्तीसगढ़

Update: 2026-05-05 16:42 GMT
Bilaspur बिलासपुरछत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस थाने के लॉकअप से एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरोपी सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रहा है और उसके साथ लॉकअप में तीन अन्य आरोपी भी मौजूद हैं। इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार यह मामला सकरी थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो सोमवार दोपहर इंस्टाग्राम के एक पेज पर पोस्ट किया गया था। इसमें हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय खुद को “किंग ऑफ बिलासपुर” बताते हुए लॉकअप के अंदर का दृश्य, सीसीटीवी कैमरे और थाना प्रभारी के कक्ष तक दिखाता नजर आता है।
आमतौर पर लॉकअप में मोबाइल फोन और प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध होता है, ऐसे में वीडियो में सिगरेट और कथित मोबाइल का दिखना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। इससे पुलिस और आरोपी के बीच संभावित मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि, सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है। उनके अनुसार आरोपी विक्की पांडेय पहले ही एक मामले में सजा काट चुका है और पिछले काफी समय से जेल में बंद है, इसलिए वर्तमान में ऐसा वीडियो बनना संभव नहीं है।
इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और लॉकअप सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल मामले की सत्यता को लेकर जांच और बहस जारी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पुलिस थानों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags:    

Similar News