दुर्ग निगम में हाईवोल्टेज ड्रामा, तीन घंटे तक चला विवाद

छग

Update: 2026-05-16 16:03 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। हाल के दिनों में उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब उन पर निगम और मंडी बोर्ड के अधिकारियों को अपने केबिन में रोककर धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत 14 मई 2026 को उरला हाईस्कूल में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में अतिरिक्त कक्ष और हॉल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया था, जिसमें शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

इस दौरान मंच से महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि अधिकारी ठीक से काम नहीं कर सकते तो कार्यक्रमों में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विकास कार्यों में देरी को लेकर भी सवाल उठाए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महापौर ने आरईएस विभाग के कार्यपालन अभियंता जेके मेश्राम, एसडीओ सीके सोने और मंडी बोर्ड के एसडीओ प्रवीण पांडे को अपने केबिन में बुलाया। यहां विकास कार्यों में कथित गड़बड़ियों और लापरवाही को लेकर उनसे जवाब मांगा गया। सूत्रों के मुताबिक जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और अधिकारियों को बाहर जाने से रोक दिया गया। करीब तीन घंटे तक निगम कार्यालय में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

इस दौरान एक अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी, सीएसपी और दो थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराया और संबंधित अधिकारियों को केबिन से बाहर निकाला। घटना के बाद अधिकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन केबिन में बैठाकर रखा गया और दबाव बनाया गया। वहीं दूसरी ओर महापौर अलका बाघमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी को बंधक नहीं बनाया गया था। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर चर्चा की जा रही थी और इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं और लोग सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News