स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी वार्ड 19 में किया भ्रमण
छग
Chirmiri. चिरमिरी। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 19, कच्ची दफाई पहुंचे और वहां के वार्डवासियों से सीधे संवाद किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्थानीय मुद्दों पर लोगों की बातें गंभीरता से सुनीं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश भी दिए। भ्रमण के दौरान वार्डवासियों ने स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, पेयजल और सड़क की दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। मंत्री जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें और किसी भी समस्या को लटकाया न जाए।
इस अवसर पर चिरमिरी नगर निगम के महापौर राम नरेश राय भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य मंत्री के मार्गदर्शन में काम और तेज गति से होगा। जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत किया और उनसे सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया। कई नागरिकों ने कहा कि मंत्री के सीधे वार्ड में आने से उन्हें भरोसा हुआ है कि उनकी समस्याएं अब शीघ्र हल होंगी। मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का संज्ञान लिया गया है और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर वार्ड के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुआ।