चनाभर्री जंगल में मिली सिरकटी लाश, हत्यारा श्यामलाल नेताम गिरफ्तार

छग

Update: 2025-12-08 15:07 GMT
Kondagaon. कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में चनाभर्री जंगल से दो दिन पहले मिली सिरकटी लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी श्यामलाल नेताम (26 वर्ष) निवासी कुरूभाट को गिरफ्तार कर मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया है। मृतक की पहचान लच्छिन्दर पांडेय, निवासी बाड़ागांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 6 दिसंबर को चनाभर्री जंगल में एक अज्ञात सिरकटा शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सिर गायब होने के कारण मृतक की पहचान कठिन थी, लेकिन कपड़ों और अन्य विशेषताओं के आधार पर पहचान संभव हो सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया और मामले की तहकीकात शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि मृतक को 3 दिसंबर को विश्रामपुरी बाजार में आखिरी बार देखा गया था। पुलिस को सूचना मिली कि मृतक और आरोपी श्यामलाल के बीच पहले से विवाद चल रहा था। संदेह के आधार पर आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया गया। कड़ाई से पूछताछ में श्यामलाल टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी श्यामलाल ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने लच्छिन्दर पांडेय को मोटरसाइकिल पर बैठाकर चनाभर्री जंगल ले गया। वहां उसने टंगीया से 17 बार हमला कर मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया। पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने सिर को कुरूभाठ तालाब के पास छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का सिर, हत्या में प्रयुक्त टंगीया और घटना से जुड़े अन्य सबूत बरामद किए।

विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के चनाभर्री जंगल में हुई यह सिरकटी हत्या ग्रामीण इलाके में सनसनी फैलाने वाली घटना थी। पुलिस की तत्परता और विशेष जांच टीम की मेहनत के कारण हत्या का रहस्य जल्द सुलझा। आरोपी श्यामलाल नेताम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और ऐसे गंभीर अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी। घटना ने स्थानीय ग्रामीणों में डर और चिंता पैदा की थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के सबूतों की बरामदगी से लोगों में न्याय और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। कोंडागांव पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सभी ग्रामीणों को सुरक्षा और कानूनी मदद सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी और सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News