रायगढ़ में पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स के तहत ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
छग
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले में पुलिस की सामुदायिक पहल के तहत “POLICE-YOUTH UNITY SPORTS” कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन अग्रोहा भवन में किया गया, जिसमें जिलेभर के 170 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि, कोच और खेल संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर अभिजीत बबन पठारे ने कहा कि रायगढ़ जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही मंच देने की आवश्यकता है, जो रायगढ़ पुलिस द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने इस पहल को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना भी है। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जितना जरूरी मंदिर जाना है, उतना ही जरूरी खेल मैदान में जाना भी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे और गलत आदतों से दूर रहकर खेलों से जुड़ें। इस प्रतियोगिता में जिले के 10 ताइक्वांडो क्लबों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों को अंडर-14 और अंडर-17 बॉयज एवं गर्ल्स श्रेणियों में विभाजित किया गया है। कुल 170 प्रतिभागियों का वेटिंग और रजिस्ट्रेशन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन गर्ल्स वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए, जो 1-1 मिनट के दो राउंड में खेले गए।
विजेता खिलाड़ियों ने अगले राउंड में प्रवेश किया। दूसरे दिन बॉयज वर्ग के मुकाबले और फाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा दिव्यांग बच्चों द्वारा किया गया ताइक्वांडो प्रदर्शन रहा। बच्चों ने अपने आत्मविश्वास और तकनीकी कौशल से सभी को प्रभावित किया। उनके प्रदर्शन को देखकर उपस्थित लोग भावुक हो गए और सभी ने उनके साहस की सराहना की। इस आयोजन को सफल बनाने में जिला ताइक्वांडो संघ, कोच और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ कोच जयकुमार यादव ने बताया कि बच्चों को लगातार प्रशिक्षण दिया गया है और यह आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का बड़ा अवसर देगा।
प्रतियोगिता में 15 ऑफिशियल, 20 कोच और दो राज्य स्तरीय रेफरी राजकुमार शर्मा और वेद प्रकाश जायसवाल अपनी भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और अभिभावकों के लिए भोजन और स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को न केवल खेलों से जोड़ते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा भी फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी ताकि जिले की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। उन्होंने बताया कि पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स का उद्देश्य युवाओं को एक मंच देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और आगे बढ़ सकें। यह पहल पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग को भी मजबूत करती है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता का समापन कल फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।