शादी से पहले बड़े-बड़े दावे, बाद में खुला राज, युवक समेत परिवार पर FIR
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी से पहले बड़े-बड़े दावे कर युवती को विश्वास में लेने और बाद में कथित तौर पर फर्जी जानकारी सामने आने का मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने खुद को बीट्स पिलानी से B.Tech पास और जयपुर की कंपनी में 48 लाख रुपये सालाना पैकेज पर कार्यरत बताया था। इसके अलावा परिवार की संपत्ति और कारोबार को लेकर भी बड़े दावे किए गए थे। शादी के बाद युवती को जानकारी मिली कि युवक की बताई गई शैक्षणिक योग्यता और नौकरी संबंधी जानकारी कथित रूप से सही नहीं थी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाई प्रोफाइल बायोडाटा दिखाकर शादी का प्रस्ताव
पुलिस के अनुसार मूल रूप से जशपुर निवासी मीतू (30) वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं। बताया गया कि हर्षदीप राम जाड़ी उनके साथ हाई स्कूल में पढ़ता था। वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद बातचीत बढ़ी। मई 2024 में हर्षदीप ने मीतू के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने परिवार की सहमति से शादी करने की बात कही। 8 जनवरी 2025 को कोनी स्थित एक कैफे में मुलाकात के दौरान हर्षदीप ने अपना बायोडाटा दिया।
नौकरी और संपत्ति को लेकर किए थे दावे
शिकायत के अनुसार बायोडाटा में हर्षदीप ने खुद को बीट्स पिलानी से B.Tech और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया था। उसने अपना सालाना वेतन 48 लाख रुपये बताया था। इसके अलावा युवती का आरोप है कि हर्षदीप ने अपने पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपये और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी दी थी। इन दावों पर भरोसा कर युवती ने अपने परिवार को शादी के लिए तैयार कर लिया।
शादी से पहले लिए गए पैसे का आरोप
शिकायत के मुताबिक 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में दोनों की शादी हुई। युवती ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले फरवरी और मार्च महीने में अलग-अलग जरूरत बताकर हर्षदीप और उसकी मां राजो जाड़ी के खातों में कुल 4.96 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा हर्षदीप को उसके खाते में करीब 60 हजार रुपये भी दिए गए।
शादी के बाद बढ़ा शक
युवती के अनुसार शादी की रात टेंट और कैटरिंग से जुड़े लोगों ने काम शुरू नहीं किया। पूछताछ में पता चला कि उन्हें केवल 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। इसके बाद युवती के पिता और मामा ने भुगतान किया। अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान को लेकर विवाद हुआ और होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल बंद हो गए। युवती को संदेह होने पर उसने जानकारी जुटानी शुरू की।
युवक ने पढ़ाई और नौकरी को लेकर अलग जानकारी दी
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि पूछताछ में हर्षदीप ने स्वीकार किया कि उसने बीट्स पिलानी से पढ़ाई नहीं की है और उसके पास बताई गई नौकरी भी नहीं है। आरोप है कि युवक अपने पिता के साथ इमू के तेल के कारोबार से जुड़ा हुआ था। इसके बाद शादी में मिले जेवरों की जांच कराई गई, जिसमें भी कथित रूप से गड़बड़ी सामने आने की बात कही गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
युवती की शिकायत पर जशपुर में पहले रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहां से केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी गई। इसके बाद कोनी थाना पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपों से जुड़े दस्तावेजों, आर्थिक लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।