Raigarh. रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रायगढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर सर्किट हाउस परिसर में गरिमामय स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया।
चक्रधर समारोह रायगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और कला परंपरा का प्रतीक माना जाता है। राज्यपाल रमेन डेका के आगमन से इस ऐतिहासिक समारोह की गरिमा और बढ़ गई है। समारोह में देश-विदेश से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि रायगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा पूरे देश के लिए गौरव का विषय है और चक्रधर समारोह ने इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम स्थल पर राज्यपाल का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने कहा कि रायगढ़ की धरती कला और संस्कृति की साधना के लिए जानी जाती है और यहां की परंपराओं को आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है। चक्रधर समारोह के इस अवसर पर रायगढ़ शहर में विशेष सजावट की गई है और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।
Tags: