राज्यपाल रमेन डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्व-सहायता समूहों को गार्बेज रिक्शा प्रदान किया
छग
Khairagarh. खैरागढ़। राज्यपाल रमेन डेका ने अपने खैरागढ़ प्रवास के दौरान ग्राम चंदैनी में स्वच्छ भारत अभियानांतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने गांव के स्व-सहायता समूहों को कचरा संग्रहण हेतु गार्बेज रिक्शा प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं और इनके माध्यम से स्वच्छता, आजीविका और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राज्यपाल ने समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं।
बल्कि समाज और गांव की स्वच्छता एवं विकास में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान तभी सफल होगा जब ग्रामीण स्तर पर ऐसे प्रयास निरंतर रूप से किए जाएंगे। राज्यपाल ने यह भी उल्लेख किया कि गार्बेज रिक्शा मिलने से गांवों में कचरा संग्रहण की सुविधा बेहतर होगी और खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा। इससे न केवल पर्यावरण की स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राज्यपाल को आश्वस्त किया कि गार्बेज रिक्शा का उपयोग सही तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा और समूहों को इसके संचालन और रखरखाव में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।