छत्तीसगढ़ के गिरीश देवांगन बने AICC OBC विभाग का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर

छग

Update: 2025-12-01 16:08 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन को एआईसीसी (All India Congress Committee) के ओबीसी विभाग का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद जारी की गई और तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। देवांगन को नई जिम्मेदारी ऐसे समय पर मिली है, जब कांग्रेस संगठन मजबूती और सामाजिक आधार को विस्तार देने पर जोर दे रही है। ओबीसी वर्ग कांग्रेस का महत्वपूर्ण वोटबैंक माना जाता है। देवांगन की संगठनात्मक पकड़ और सामाजिक वर्गों से मजबूत जुड़ाव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका सौंपी है।





गिरीश देवांगन इससे पहले छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (CMDC) के अध्यक्ष रह चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेहद करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और प्रदेश में कांग्रेस की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देवांगन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के दो अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय दायित्व मिला है। लेखराम साहू और त्रिलोक चंद्र श्रीवास को एआईसीसी ओबीसी विभाग में राष्ट्रीय समन्वयक (National Coordinator) के रूप में शामिल किया गया है। इन दोनों नेताओं को संगठन विस्तार और ओबीसी समुदाय से संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ से तीन नेताओं की राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति को राज्य कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। इससे प्रदेश नेतृत्व को संगठन में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है और ओबीसी वर्ग को साधने की रणनीति को भी गति मिलेगी।

Tags:    

Similar News