Mahasamund. महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम टेमरी जांच नाके पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को 5.440 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसका साथी पुलिस को देखकर चलती मोटरसाइकिल से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने गांजा, बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत कुल 3 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टेमरी जांच नाके के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही नाके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर संदिग्ध मोटरसाइकिल की निगरानी शुरू की गई। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, चेकिंग देखकर बाइक पर पीछे बैठा युवक चलती मोटरसाइकिल से कूदकर मौके से भाग निकला। इस बीच मोटरसाइकिल चालक ने वाहन को तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ी में बाइक समेत गिर गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम रामचरण उर्फ यश ठाकुर, उम्र 24 वर्ष, निवासी पीसेगांव थाना पुलगांव बताया। पुलिस के अनुसार उसने फरार साथी का नाम रोशन निषाद उर्फ विक्की बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर पुलिस ने 5.440 किलोग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा कांटाबांजी, ओडिशा से लाकर दुर्ग में खपाने के लिए ले जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। तीन हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 3 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश करने के साथ गांजा तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।