Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों एसी के कॉपर पाइप और कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह लोगों के लिए नई परेशानी बन गया है। शहर की पॉश कॉलोनियों, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और लंबे समय तक बंद रहने वाले मकान इस गिरोह के निशाने पर हैं। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने मकान मालिकों, व्यापारियों और प्रतिष्ठानों की चिंता बढ़ा दी है। चोरी की इन वारदातों से लोगों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले संभावित स्थानों की रेकी करते हैं। वे ऐसे मकानों और प्रतिष्ठानों की पहचान करते हैं, जहां लंबे समय तक कोई मौजूद नहीं रहता या जहां रात के समय गतिविधियां कम होती हैं। इसके बाद देर रात एसी के बाहरी यूनिट से जुड़े कॉपर पाइप और वायर को काटकर फरार हो जाते हैं। कॉपर की बाजार में अच्छी कीमत मिलने के कारण चोर इन्हें कबाड़ी बाजार में बेचकर मोटी रकम कमा रहे हैं। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में राजधानी की पॉश कॉलोनियां और प्रमुख व्यावसायिक इलाके शामिल हैं। कई स्थानों पर एक ही परिसर में एक से अधिक बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा है और लगातार इलाके बदलकर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश कर रहा है।
इसी तरह की एक घटना शंकर नगर स्थित आकाश टावर में सामने आई है। यहां के निवासी सुशील शुक्ला ने पुलिस महानिरीक्षक और थाना प्रभारी खम्हारडीह को लिखित शिकायत देकर बताया है कि उनके भवन में संचालित मोती महल रेस्टोरेंट के एसी का लगभग 30 फीट लंबा कॉपर पाइप 17 जून की मध्य रात्रि चोरी कर लिया गया। शिकायत के अनुसार, इससे पहले अप्रैल महीने में भी इसी तरह की चोरी हुई थी, जिसकी जानकारी मौखिक रूप से संबंधित थाने को दी गई थी। सुशील शुक्ला ने अपने शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आकाश टावर के समीप स्थित यूनिवर्सल टीवी शोरूम में भी लगभग एक माह पहले इसी प्रकार की चोरी की घटना हुई थी। इसके अलावा शंकर नगर, गीतांजलि कॉलोनी और पंडित हरिशंकर शुक्ल रोड के आसपास भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में एक पान दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के बावजूद अपराधियों में पुलिस का कोई भय दिखाई नहीं दे रहा है। उनका आरोप है कि शिकायतें दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, एसी में इस्तेमाल होने वाले कॉपर पाइप और वायर की बाजार में अच्छी कीमत होती है। इसी कारण असामाजिक तत्व इन्हें आसानी से निशाना बनाते हैं। कॉपर पाइप चोरी होने से केवल पाइप का ही नुकसान नहीं होता, बल्कि एसी गैस लीक होने, कंप्रेसर खराब होने और पूरे सिस्टम को दोबारा चालू करने में भी उपभोक्ताओं को भारी खर्च उठाना पड़ता है। कई मामलों में मरम्मत की लागत नए एसी की कीमत के बराबर पहुंच जाती है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज करने तथा सीसीटीवी कैमरों की सहायता से गिरोह की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने मकानों और प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।