Bilaspur. बिलासपुर। जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम पिरैया स्थित अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 हजार 730 रुपये नकद सहित कुल 95 हजार 730 रुपये का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने जिले में संगठित अपराधों और
असामाजिक गतिविधियों
में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी चकरभाठा निरीक्षक भावेश शेंडे को 18 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरैया के अरपा नदी किनारे कुछ लोग टेंट लगाकर अवैध रूप से 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम देने के लिए ग्रामीण वेशभूषा में टीम तैयार की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मलेश साहू (25 वर्ष), संदीप भारद्वाज (26 वर्ष), साहिल घोषले (19 वर्ष), तीनों निवासी ग्राम पिरैया थाना चकरभाठा जिला बिलासपुर और चंद्रप्रकाश भार्गव (42 वर्ष), निवासी दुर्गडीह थाना बिल्हा जिला बिलासपुर बताया।
पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से नगद 15 हजार 730 रुपये, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग का एक तिरपाल, होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 95 हजार 730 रुपये बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित रूप से जुआ संचालित कर रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य फरार साथियों के साथ मिलकर स्थान बदल-बदलकर जुआ खेलते और खिलवाते थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 भी जोड़ी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया है। चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जुआ, सट्टा या अन्य अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। नागरिक 112, पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाना में जानकारी देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर सकते हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: