CG BREAKING: लाखों के जुआ कारोबार का भंडाफोड़, 8 जुआरी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे अवैध जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस संचालक सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और चार पहिया वाहन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को लंबे समय से इस फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुए की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां हड़कंप मच गया और कई लोग जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर कोनी थाना ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोशन सिंह (38) निवासी ओम नगर सिविल लाइन, मुन्ना गोयल निवासी राजीव गांधी चौक, विकास सिंह निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला, फार्म हाउस मालिक मनीष शर्मा (42) निवासी विद्यानगर तारबहार, नीरज शर्मा (42) निवासी विद्यानगर, दीपक अग्रवाल (37) निवासी रामा लाइफ सिटी सकरी, चंद्रकिशन अग्रवाल निवासी तखतपुर और मयंक सोनकर (20) निवासी नया बस स्टैंड तिफरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी लोग लंबे समय से यहां जुए की गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 3 लाख 80 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त किए गए सभी सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने फार्म हाउस परिसर को सील कर दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिल सके। छापेमारी के दौरान फार्म हाउस के अंदर मौजूद लोग अचानक पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
कोनी थाना पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस जुए के अड्डे का संचालन कितने समय से किया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस नेटवर्क का संबंध किसी बड़े संगठित जुए के गिरोह से है या नहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस फार्म हाउस में अक्सर संदिग्ध गतिविधियां देखी जाती थीं, लेकिन अंदर क्या चल रहा था इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे बड़ी सफलता मान रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुए और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे अवैध ठिकानों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।