फरार वारंटी बेच रहा था नशीली टेबलेट, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-21 09:45 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार वारंटी सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 556 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम और स्पासमो बरामद की गई हैं। साथ ही प्रकरण से संबंधित एक दोपहिया वाहन भी जप्त किया गया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2,62,400 रुपये आंकी गई है।
यह संयुक्त कार्रवाई डीसीपी नार्थ जोन मयंक गुर्जर एवं डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना खमतराई पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को ACCU टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना खमतराई क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 02 स्थित हाईटेक पार्किंग के पीछे कुछ व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर बिक्री की फिराक में मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद ACCU और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दोपहिया वाहन में सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अविनाश कुमार, राहुल कुमार शाह और रोशन यादव बताए।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम एवं स्पासमो बरामद हुईं। जब पुलिस टीम ने आरोपियों से टेबलेट रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अविनाश कुमार एक फरार वारंटी है और वही पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अविनाश कुमार पड़ोसी राज्यों से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
आरोपियों के कब्जे से 556 नग प्रतिबंधित टेबलेट कीमती लगभग 2,22,400 रुपये तथा एक
सुजुकी एक्सेस
(क्रमांक CG 04 QF 9783) कीमती 40,000 रुपये जप्त किया गया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 120/26, धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क पर End-to-End कार्यवाही की जाएगी।
Tags:    

Similar News