Dhamtari. धमतरी। जिले के सुपेला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला के पति ने जहां इसे आत्महत्या बताया है, वहीं घटनास्थल की जांच करने पहुंची एफएसएल टीम को मिले साक्ष्यों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। महिला के गले पर मिले निशानों के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामला भखारा थाना क्षेत्र के सुपेला गांव का है। मृतका की पहचान देमार गांव निवासी वीणा उर्फ बबली ठाकुर के रूप में हुई है। वीणा की शादी करीब दो साल पहले सुपेला निवासी विवेक ध्रुव के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ रह रही थी।
कमरे में संदिग्ध हालत में मिली महिला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जन्माष्टमी के दिन वीणा अपने पति के साथ खेत से वापस लौटी थी। इसके बाद वह पति के साथ बेडरूम में गई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब पति ने कमरे का दरवाजा खोला तो वीणा बिस्तर पर संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली। परिजनों ने पहले इसे अचानक तबीयत बिगड़ने या हार्ट अटैक की घटना समझा और डॉक्टर को बुलाया। जांच के बाद डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पति के दावे पर उठे सवाल
मृतका के पति विवेक ध्रुव का कहना है कि वीणा ने पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। पति के इस दावे के आधार पर शुरुआत में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा था। हालांकि एफएसएल टीम की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को बदल दिया। जांच में महिला के गले पर ऐसे निशान मिले हैं, जो साड़ी के फंदे से होने वाले निशानों से अलग बताए जा रहे हैं। गले पर किसी पतली वस्तु या बारीक कपड़े से खिंचाव जैसे निशान मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वीणा की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मायके वालों का कहना है कि उनकी बेटी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों की शिकायत और एफएसएल जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस अब पति और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
भखारा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटा रही है, ताकि महिला की मौत की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वीणा की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।
Tags: