बर्थडे का केक लेने गए दोस्त, पीछे युवक पर चाकू से हमला, 5 पकड़े गए
3 आरोपी और 2 नाबालिग पकड़े गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर 2026 की है। प्रार्थी वेंकट पिल्ले ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके दोस्त रूपांशु यादव का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने साथी खिलेंद्र साहू के साथ केक खरीदने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने रूपांशु यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
केक लेकर लौटे तो दोस्त पर हो रहा था हमला
शिकायत के अनुसार, जब वेंकट पिल्ले और खिलेंद्र साहू केक लेकर वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि होटल के सामने रूपांशु यादव के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे थे। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे। आरोपियों ने वेंकट और उसके साथी को भी दौड़ाया, जिसके कारण दोनों वहां से भाग गए। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो रूपांशु यादव गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 675/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग
वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।
जांच टीम ने शिकायतकर्ता, उसके साथियों और घायल युवक से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने मयंक ठाकुर, अंकित ध्रुव और ओम कुमार सागरवंशी को गिरफ्तार किया। इनके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने तत्काल हुए विवाद के कारण युवक पर हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक ठाकुर (21 वर्ष), निवासी तिरंगा चौक कुशालपुर, अंकित ध्रुव (19 वर्ष), निवासी चेतन पान ठेला के पास कुशालपुर और ओम कुमार सागरवंशी (19 वर्ष), निवासी बांसटाल खल्लारी चौक शामिल हैं।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। वहीं, पकड़े गए दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।