1800 रुपए के विवाद में दोस्त की हत्या, गला घोंटकर ईंट से मारकर उतारा मौत के घाट
छग
Sakti. सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 1800 रुपए, मोबाइल का पासवर्ड बदलने और चोरी के शक को लेकर दो युवकों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। घटना मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बंदोरा की है, जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बंदोरा निवासी विनोद वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भतीजा राहुल कुर्मी (25) “राहुल ऑटो” नाम से धुलाई मशीन सेंटर चलाता था। 28 मार्च की सुबह वह फ्लाई ऐश में मजदूर खोजने के लिए घर से निकला था। कुछ समय बाद गांव के हरिहर यादव के घर के पास बैठे विनोद को राहुल के दोस्त रवि साहू ने सूचना दी कि राहुल की हत्या हो गई है।
सूचना मिलते ही विनोद मौके पर पहुंचे, जहां राहुल का शव घर के पास पड़ा मिला। शव के गले पर दबाव के निशान थे और सिर व चेहरे पर ईंट से वार के गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर राहुल के दोस्तों इंद्र कुमार गबेल (35) और नारायण यादव (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि इंद्र कुमार गबेल को शक था कि राहुल ने उसकी जेब से 1800 रुपए निकाल लिए थे और उसके मोबाइल का पासवर्ड भी बदल दिया था। वहीं नारायण यादव को अपने भाई के मोबाइल चोरी का शक राहुल पर था। 28 मार्च की शाम करीब 4 बजे दोनों आरोपी राहुल के घर के पास पहुंचे और उससे पैसों की मांग की। साथ ही मोबाइल का पासवर्ड बताने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में दोनों ने मिलकर राहुल का कपड़े से गला घोंट दिया और फिर ईंट से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और सबूत मिलने के बाद 29 मार्च को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मामूली पैसों के विवाद और शक के चलते की गई इस हत्या ने एक बार फिर यह दिखाया है कि गुस्से में लिया गया गलत फैसला कितना गंभीर परिणाम ला सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों से आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की गई है।