कुसमुंडा सायलो साइडिंग में मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, मचा हड़कंप

छग

Update: 2026-05-19 17:59 GMT
Korba. कोरबा। जिले के कुसमुंडा स्थित KAMKA (कुसमुंडा सायलो) साइडिंग में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। घटना में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे कोयला लोडिंग और परिवहन प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित हो गई। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी में कोयला लोडिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक इंजन के पहिए ट्रैक से उतर गए। घटना के दौरान मौजूद चालक और कर्मचारियों ने स्थिति को समय रहते देख लिया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया।
घटना की सूचना तुरंत रेलवे और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया गया। इसके बाद रेलवे की ATR टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने इंजन को वापस पटरी पर लाने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इंजन के सभी पहियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया जा सका।
इस दौरान कुसमुंडा साइडिंग में कोयला लोडिंग का कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित रहा, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य रेलवे परिवहन व्यवस्था पर इसका कोई व्यापक असर नहीं पड़ा। कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही ATR टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया था। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इंजन को सुरक्षित रूप से वापस ट्रैक पर लाया।
उन्होंने यह भी कहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इंजन के पटरी से उतरने का कारण तकनीकी खराबी था या अन्य कोई वजह। रेलवे और SECL के अधिकारियों ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए साइडिंग की तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
Tags:    

Similar News