RBI अधिकारी बनकर दिया लाखों का लालच, LIC पॉलिसी के नाम पर 69 लाख की ठगी
छत्तीसगढ़.
कवर्धा: कबीरधाम जिले के साइबर पुलिस थाना क्षेत्र में एलआईसी की बंद पड़ी पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का झांसा देकर 69,37,518 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को एक पीडि़त ने साइबर पुलिस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग और भारतीय रिजर्व बैंक का अधिकारी बताकर बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने पॉलिसी रिकवर कराने, एनओसी प्राप्त करने और न्यायालयीन प्रक्रिया के नाम पर नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 69,37,518 रुपये की ठगी की। इस शिकायत पर साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दिल्ली निवासी मोहम्मद जैद खान की संलिप्तता सामने आई। कबीरधाम पुलिस की विशेष टीम ने दिल्ली-एनसीआर के सघन आबादी वाले क्षेत्र में 5 दिनों तक पतासाजी कर आरोपी मोहम्मद जैद खान को हिरासत में लिया और गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है और अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर बंद पड़ी बीमा पॉलिसियों की राशि वापस दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। आरोपी फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झांसे में लेते थे। पुलिस मामले में संलिप्त अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।