रास्ता देने की बात पर चार युवकों ने गाली-गलौज कर की पिटाई, FIR दर्ज

छग

Update: 2026-01-04 13:32 GMT
Raipur. रायपुर। जिला रायपुर के थाना आरंग अंतर्गत ग्राम नरियरा में मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि रास्ता देने को लेकर हुए मामूली विवाद में गांव के चार युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे दोनों भाइयों को चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक ग्राम नरियरा, थाना आरंग का निवासी है और उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। वह ग्राम
तामासिवनी
में स्वयं का ट्रैक्टर मैकेनिक गैरेज संचालित करता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 3 जनवरी 2026 को वह अपना गैरेज बंद कर मोटरसाइकिल से रात करीब 8:30 बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान बरभाठा तालाब के पास पहुंचने पर रास्ते में गांव के ही राज सतनामी, राहुल सतनामी, रोशन सतनामी और मनोज सतनामी सहित कुछ अन्य लोग सड़क पर खड़े होकर आवागमन में बाधा डाल रहे थे।

पीड़ित के अनुसार जब उसने उनसे साइड में चलकर रास्ता देने को कहा तो आरोपी उग्र हो गए और “नहीं हटेंगे, क्या कर लोगे” कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ता देख पीड़ित ने अपने भाई टुकेश्वर यादव को फोन कर मौके पर बुलाया। भाई के पहुंचने पर जब उसने भी रास्ता देने और झगड़ा न करने की समझाइश दी, तो चारों आरोपियों ने एक साथ मिलकर मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान पीड़ित को पीठ और चेहरे पर चोटें आईं, वहीं बीच-बचाव करने पर उसके भाई टुकेश्वर यादव के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में गैंदू भारद्वाज और रोशन सतनामी के नाम सामने आए हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की जानकारी ग्राम सरपंच चुमुकलाल सोनवानी और अपने पिता श्यामलाल को भी दी है। पीड़ित का कहना है कि वह काम के सिलसिले में देर रात तक घर आता-जाता रहता है और उसे आशंका है कि आरोपी कभी भी दोबारा उसके साथ मारपीट कर सकते हैं। इसी डर के चलते उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा लिखी गई रिपोर्ट उसके बयान के अनुसार ही है। फिलहाल थाना आरंग पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बयान, गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News