Kanker. कांकेर। जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटना के करीब 5 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अपहरण, मारपीट और नाबालिग के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के आरोप लगाए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक पीड़ित बालिका के परिजनों ने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्ष 4 माह की नाबालिग बेटी को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 321/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक रूप से मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
तलाश के बाद बालिका को किया गया बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाबालिग बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई। परिजनों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बालिका को दस्तयाब किया। इस दौरान परिजन और गवाह भी मौजूद रहे। पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की तथा जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
धाराएं बढ़ाकर शुरू की गई कार्रवाई
बालिका के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य धाराएं जोड़ीं। प्रकरण में धारा 64(1), 70(2), 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 8 और 10 जोड़ी गई। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित की।
चारों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम और साइबर सेल ने तकनीकी जानकारी और विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उनके निवास स्थानों पर दबिश देकर घेराबंदी की गई और चारों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में-
संतोष कुमार (24 वर्ष) पिता देवीलाल, निवासी ग्राम धोड़दा, थाना कोरर, जिला कांकेर।
राहुल मंडावी (20 वर्ष) पिता राम सिंह मंडावी, निवासी धोड़दा, थाना कोरर, जिला कांकेर।
गुपेश कुमार दर्रो (21 वर्ष) पिता स्व. बल्दुराम दर्रो, निवासी धोड़दा, थाना कोरर, जिला कांकेर।
मनीष सेवता (28 वर्ष) पिता स्व. सदेशराम सेवता, निवासी शीतलापारा धोड़दा, थाना कोरर, जिला कांकेर शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उप निरीक्षक प्रज्ञा, उप निरीक्षक रामेश्वर चतुर्वेदी, सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वरी भगत, प्रधान आरक्षक शेख शरीफ सिद्दीकी, आरक्षक ईश्वर साहू और रामप्रसाद साहू शामिल रहे। वहीं साइबर सेल की टीम में निरीक्षक राजेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक सचिन शोरी, छेदन सोनकर, आरक्षक ज्ञानचंद ठाकुर, भूपेश नेताम और रामरतन निषाद का योगदान रहा।
पुलिस ने की जनता से अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने के लिए अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।