Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर वन विभाग के अधिकारी द्वारा चालक से कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वन अधिकारी और बस चालक के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि कार को साइड नहीं मिलने की बात को लेकर वन विभाग के अधिकारी ने यात्री बस को रोक दिया और चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद किया। घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रायपुर से देवभोग जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग नेशनल हाईवे-130C पर अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बस चालक पर साइड नहीं देने का आरोप लगाया। इसके बाद रेंजर ने अपनी कार बस के सामने खड़ी कर दी और बस को रोक दिया।
बस चालक से बहस और अभद्र व्यवहार का आरोप
आरोप है कि बस रुकने के बाद वन अधिकारी बस चालक से नाराज हो गए और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। वीडियो में वन अधिकारी और बस चालक के बीच बातचीत और बहस दिखाई दे रही है। इस दौरान अधिकारी के साथ मौजूद कर्मचारी भी चालक से बहस करते नजर आए। घटना के चलते बस करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही। इससे बस में बैठे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
चालक ने बताया, सड़क खराब होने से नहीं दी थी साइड
बस चालक यशवंत बंजारे ने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां अभ्यारण्य क्षेत्र होने के कारण हाईवे सिंगल लेन है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़क कई जगह खराब हो चुकी है। ऐसे में वाहन को साइड देने के लिए सुरक्षित जगह का इंतजार करना पड़ता है। चालक का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उसने जल्दबाजी में बस को किनारे नहीं किया, क्योंकि इससे हादसे का खतरा हो सकता था। उसने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर वन अधिकारी नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज की।
डायल-112 से मांगी मदद, थाने में दी शिकायत
बस चालक ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। चालक ने इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि बस चालक की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद मामले ने पकड़ा तूल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। लोग वीडियो के आधार पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किस पक्ष की गलती थी। फिलहाल वन विभाग अधिकारी और बस चालक के बीच हुए विवाद को लेकर जांच जारी है। प्रशासन की नजर भी पूरे मामले पर बनी हुई है।
Tags: