सिम्स अस्पताल से 5 बाइक चोरी का खुलासा, दो नाबालिग सहित खरीददार गिरफ्तार
छग
Bilaspur. बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस मामले में दो अपचारी नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि चोरी का वाहन खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर विभिन्न अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी।
इस दौरान, 27 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो नाबालिगों को नशे की हालत में एक्टिवा (CG12-AJ-5669) चलाते हुए पकड़ा गया। वाहन की जांच पर पता चला कि यह सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 48/26 का चोरी का वाहन था। सिटी कोतवाली, सरकंडा और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दोनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने इस दौरान सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिलें चोरी करने की जानकारी दी।
बरामद वाहन:
एक्टिवा – CG12-AJ-5669
पल्सर – CG10-AB-4435
एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732
हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906
काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर)
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हीरो होंडा पैशन प्रो उन्होंने अल्ताफ उर्फ मोमिन (37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान, खमतराई सरकंडा, बिलासपुर को केवल 2,000 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने खरीददार के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि एक काले रंग की एक्टिवा को नांदघाट, दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से चोरी किया गया था। मेमोरेण्डम कथन के आधार पर सभी 5 मोटरसाइकिलें पुलिस ने जब्त कर ली हैं। दोनों नाबालिगों को विधिवत अभिरक्षा में रखा गया है।
पुलिस की अपील
सिटी कोतवाली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि बिलासपुर पुलिस सार्वजनिक सुरक्षा और संपत्ति की सुरक्षा के लिए सतर्क है। अस्पताल, बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसे अपराधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अभियान से अपराधियों के हौसले कमजोर हुए हैं और चोरी की वारदातों में कमी आने की उम्मीद है।