दुर्ग: जिले में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत मोहननगर थाना पुलिस ने धारदार हथियार लेकर घूम रहे 5 लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 10 हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना मोहननगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की लगातार चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को पकड़ा, जो अपने पास धारदार हथियार रखकर घूम रहे थे।
पकड़े गए लोगों में 3 बालिग आरोपी और 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने सभी के कब्जे से कुल 10 नग धारदार हथियार जब्त किए हैं। हथियार रखने के संबंध में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की लगातार निगरानी से पकड़े गए आरोपी
दुर्ग पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध घटित होने से पहले उसकी रोकथाम के उद्देश्य से लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले और हथियार लेकर घूमने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
जितेंद्र मरकाम (24 वर्ष) निवासी बजरंग नगर, कंदरा पारा, थाना दुर्ग
शैलेश देशमुख (22 वर्ष) निवासी गया नगर, दुर्ग
जय देशमुख (21 वर्ष) निवासी बजरंग नगर, कंदरा पारा, थाना दुर्ग
एक विधि से संघर्षरत बालक
एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा हथियार लेकर क्षेत्र में घूमना पाया गया था। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए, जिसके बाद सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमने, अड्डेबाजी करने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Tags: