लाभांडी स्थित आबकारी भवन में शॉर्ट सर्किट से आग, कंप्यूटर–प्रिंटर जले, दस्तावेज सुरक्षित

छग

Update: 2026-02-08 14:04 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी क्षेत्र में स्थित आबकारी भवन में शनिवार शाम विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटना सामने आई। यह घटना 7 फरवरी 2026 को शाम करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आग छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के कार्यालय के तृतीय तल पर स्थित एक कक्ष में लगी, जिससे कार्यालय में रखा कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार के महत्वपूर्ण दस्तावेज को नुकसान नहीं पहुंचा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अवलोकन के दौरान यह पाया गया कि कार्यालय में रखी सभी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज लोहे की अलमारियों में सुरक्षित रूप से बंद थे, जिसके चलते वे आग की चपेट में नहीं आए। घटना के समय आबकारी भवन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तृतीय तल के एक कक्ष से जलने जैसी गंध महसूस की। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए गार्ड ने तत्काल अन्य स्टाफ को सूचना दी और उन्हें मौके पर बुलाया। इसके बाद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए भवन में उपलब्ध अग्निरोधक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया।


सूचना के अनुसार, आग सीमित क्षेत्र तक ही रही और समय रहते उस पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आग अन्य कक्षों या मंजिलों तक नहीं फैल सकी। मौके पर निरीक्षण करने पर यह स्पष्ट हुआ कि आग से केवल कार्यालय में रखे प्रिंटर और यूपीएस को ही नुकसान हुआ है। किसी अन्य सामग्री या भवन के अन्य हिस्सों को कोई क्षति नहीं पहुंची है। घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की समीक्षा की और
आवश्यक
निर्देश दिए।

इसके बाद 8 फरवरी 2026 की सुबह एक बार फिर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भवन का पुनः निरीक्षण किया गया। पुनः किए गए अवलोकन में यह पुष्टि की गई कि आग की इस घटना में किसी भी महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड या फाइल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी इस घटना का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि एहतियात के तौर पर विद्युत व्यवस्था की जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता की भी समीक्षा की जा रही है। इस घटना के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और भवन में सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
Tags:    

Similar News