छत्तीसगढ़ में 10 साल पुराने 6 करोड़ के रेत रायल्टी घोटाले की फाइल गायब

Update: 2026-08-01 04:59 GMT

रायपुर। आरंग जनपद पंचायत में छह करोड़ रुपये की रेत रायल्टी घोटाले की जांच पूरी होने के बाद सितंबर 2022 में फाइल गायब हो गई थी। इस मामले में जिला पंचायत सीईओ ने सिविल लाइन थाने में एफआइआर दर्ज कराई। लेकिन एक साल बीतने के बाद भी पुलिस जांच आगे नहीं बढ़ सकी।

जांच के दौरान कई थाना प्रभारी बदल गए, फिर भी न तो फाइल बरामद हुई और न ही यह पता चल सका कि उसे किसने गायब किया। इसी कारण घोटाले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य अब भी जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर हैं।

फाइल चोरी, सबूतों से छेड़छाड़ और संभावित मिलीभगत की जांच ठंडी पड़ी हुई है। ऐसे में निलंबन की कार्रवाई के बाद भी पूरे घोटाले की सच्चाई सामने आने और जिम्मेदार लोगों तक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच में सामने आया कि वर्ष 2013-14 और 2014-15 के दौरान आरंग के कई रेत घाटों से करोड़ों रुपये की रायल्टी वसूली गई। लेकिन शासन को भेजे गए अभिलेखों में कम राशि दर्शाई गई।

सूचना के अधिकार से प्राप्त दस्तावेजों और खनिज विभाग के रिकॉर्ड में भी बड़ा अंतर मिला। आरोप है कि रायल्टी बुक से वास्तविक वसूली और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज राशि अलग-अलग थी। इसी वित्तीय विसंगति के आधार पर विभागीय जांच शुरू हुई, जिसने अब निलंबन की कार्रवाई का रास्ता तैयार किया। चिखली, चपरीद, कुरुद, कुम्हारी, गुदगुदा, गुल्लू, पारागांव, हरदीडीह, रायताकाट रेत घाटों में गड़बड़ी हुई थी। यहां वर्ष 2013-14 और 2014-15 में दो करोड़ 15 लाख 65 हजार रुपये का राजस्व मिला था। जबकि आरंग जनपद पंचायत ने शासन को केवल एक करोड़ 65 लाख 28 हजार रुपये राजस्व मिलने का प्रतिवेदन भेजा था।

Tags:    

Similar News