Raigarh. रायगढ़। टुर्कुमुडा स्थित शराब भट्ठी के पास सोमवार देर रात ऑटो चालक और उसके साथी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जूटमिल पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें हत्या के प्रयास के गंभीर अपराध में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई स्थानीय क्षेत्र में चर्चाओं का विषय बनी हुई है। घटना सोमवार रात लगभग 10:10 बजे की बताई जा रही है। प्रार्थी रफी आलम (22 वर्ष), निवासी कायाघाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने ऑटो (CG 13 AA 5862) से सवारी छोड़कर साथी राजू साहू के साथ वापस लौट रहा था।
इसी दौरान छातामुडा चौक के पास राजू साहू एक किराना दुकान से गुटखा लेने गया, जहां एक युवक उससे विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर रफी जैसे ही दुकान के पास पहुंचा, विवाद और बढ़ गया। रिपोर्ट के अनुसार आकाश राय नामक युवक राजू साहू को अश्लील गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। तभी घटनास्थल पर मौजूद उसका साथी निकुंज खड़िया भी हमले में शामिल हो गया। आरोप है कि निकुंज ने अचानक धारदार हथियार निकालकर रफी और राजू दोनों पर पीछे से हमला कर दिया।
जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद दोनों घायलों को शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 428/2025 धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही समय में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों- निकुंज खड़िया (19 वर्ष), निवासी छातामुडा बस्ती अघरियापारा और आकाश राय (22 वर्ष), निवासी छातामुडा बस्ती रोड, आदित्य शोरूम के सामने, वार्ड 41 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी निकुंज खड़िया के कब्जे से हमले में प्रयुक्त बटन वाला चाकू बरामद किया।
वहीं आरोपी आकाश राय के पास से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-13-BB-8698) भी जब्त की गई। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक शिव वर्मा, आरक्षक सुशील यादव, जितेश्वर चौहान एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही ने एक बार फिर संदेश दिया कि गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।