रायगढ़। जिले में महिला की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। महिला मिक्सर मशीन में सवार होकर घर लौट रही थी। तभी उसके गिरने से ट्रैक्टर का मिक्सर मशीन का पहिया उसके पैरों पर चढ़ गया। घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम देवगढ़ निवासी हीरामोती राठिया गांव की अन्य मजदूरों के साथ मजूदरी करने के लिए लिबरा गांव गई थी। दिन भर मजदूरी के बाद रात में करीब 9 बजे हीरामोती राठिया अन्य महिला मजदूर मोहरमती राठिया, सरोजनी राठिया, रामवती राठिया के साथ घर लौट रही थी।
तभी झिंकाबहाल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर रोड के गड्ढे में आने से हीरामोती अनियंत्रित होकर मिक्सर मशीन से नीचे गिर गई। इसके बाद मिक्चर मशीन का पहिया उसके दोनों पैरों पर चढ़ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मामले की जानकारी हीरामोती के बेटे पारसमणी राठिया को दी गई। जहां वह तत्काल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल अपनी मां को तमनार अस्पताल लाया, लेकिन प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।