Chhattisgarh छत्तीसगढ़: अंबिकापुर शहर में एक निजी संकल्प अस्पताल में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में महिला सुरक्षा गार्ड की मौत के बाद हंगामा हो गया। घटना के विरोध में मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, मृतका अनीशा पिछले दो वर्षों से संकल्प अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। दो दिन पहले ड्यूटी के दौरान वह अस्पताल परिसर में लगे जनरेटर में डीजल भरने गई थी। इसी दौरान उसका दुपट्टा जनरेटर की बेल्ट में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। साथ ही परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रबंधन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे ठोस आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े रहे।
Tags: