दो वर्षीय पुत्र को पिता ने पिलाई कीटनाशक दवाई, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़

Update: 2022-04-01 16:06 GMT

बिश्रामपुर। एक सप्ताह पूर्व धरमपुर गांव में अपने दो वर्षीय पुत्र को कीटनाशक पिलाकर उसकी हत्या कर देने के मामले में भटगांव पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर शुक्रवार को आरोपित पिता देवलाल देवांगन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बता दें कि आरोपित पिता ने मासूम बेटे को जहर देकर खुद ने भी जहर सेवन कर लिया था, लेकिन वह बच गया।

सनसनीखेज घटना भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर की थी। वारदात के आरोपित देवलाल देवांगन पिता स्वर्गीय वृजलाल देवांगन 22 वर्ष का ग्राम रांई निवासी सविता से विवाह हुआ था। बीते होली पर्व पर सविता अपने दो वर्षीय पुत्र अंश को लेकर अपने मायके ग्राम रांई आ गई थी। उसके बाद देवलाल उसे लेने अपने ससुराल भी गया।
लेकिन उसने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया था। इस पर देवलाल ससुराल से अपने दो वर्षीय पुत्र अंश को लेकर अपने घर आ गया था। विगत 24 मार्च को भी उसने मोबाइल पर अपनी पत्नी सविता से घर आने को कहा था। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और उसने आने से इंकार कर दिया था।
इसी बात से नाराज देवलाल देवांगन ने उसी दिन अपने दो वर्षीय पुत्र अंश को कीटनाशक पिलाकर स्वयं भी कीटनाशक का सेवन कर लिया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल भटगांव के शासकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने मासूम अंश को मृत घोषित कर दिया गया था।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी भटगांव पुलिस ने गवाहों के बयान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार आरोपित देवलाल देवांगन के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर सुरजपुर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायायिक अभरिक्षा ने जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश सिंह व उप निरीक्षक उमेश सिंह सक्रिय रहे।

Similar News