खाद वितरण में अनियमितता से भड़के किसान, बेमेतरा-थान खम्हरिया मार्ग दो घंटे जाम
छग
Bemetra. बेमेतरा। रबी सीजन की शुरुआत में ही खाद की भारी कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को खाती सहकारी समिति में खाद वितरण में गड़बड़ी और अनियमितता के खिलाफ किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज किसानों ने बेमेतरा–थान खम्हरिया मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसानों को समझाइश देकर जाम समाप्त करवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य किया गया।
किसानों के अनुसार, सहकारी समिति ने रबी सीजन के लिए आज यूरिया और डीएपी खाद का वितरण करने की सूचना दी थी और इसके लिए किसानों से पहले ही ऋण पुस्तिका जमा कराई गई थी। लेकिन जब किसान खाद लेने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि स्टॉक खत्म हो चुका है। किसानों का कहना है कि समिति के कर्मचारियों ने नियमों को दरकिनार कर उन्हीं किसानों को खाद दे दिया, जिन्होंने बाद में ऋण पुस्तिका जमा की थी। इससे नाराज किसानों ने खाद वितरण करने वाले कर्मचारियों और प्रबंधक पर लेनदेन करके खाद वितरण करने का गंभीर आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि जिन लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, उन्हें पीछे कर दिया गया और पक्षपातपूर्ण तरीके से खाद बांटा गया। किसान नेताओं ने बताया कि रबी सीजन का समय बेहद महत्वपूर्ण है।
यूरिया-डीएपी की उपलब्धता फसल की शुरुआत के लिए जरूरी है। खाद की कमी से बुवाई का समय प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान का खतरा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में किसान मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने सहकारी समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और जिला प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की। किसानों ने कहा कि कृषि कार्य समयबद्ध होने के बावजूद समिति की लापरवाही से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन शांत होने के बाद किसानों की समस्याओं को जिला अधिकारियों तक पहुँचाने का भरोसा दिया। वहीं कृषि विभाग और सहकारी समिति के अधिकारियों ने भी खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही है। खाद संकट के कारण किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। यदि जल्द ही खाद के पर्याप्त स्टॉक की आपूर्ति नहीं की गई, तो आगामी दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।