दुर्ग: जिले में रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर ससुराल से घर लौट रहे योगेश यादव (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार 28 अगस्त की दोपहर अंडा थाना क्षेत्र के जंजगिरी रोड पर शैलदेवी महाविद्यालय के आगे हुआ। हादसे में योगेश की पत्नी संगीता यादव और उनका एक वर्षीय बच्चा सुरक्षित हैं।
योगेश यादव (पिता पुसऊ राम यादव) नेवई भाठा निवासी था। पुलिस के अनुसार, योगेश पत्नी संगीता और एक साल के बच्चे के साथ रक्षाबंधन मनाने माहूद स्थित ससुराल गया था। त्योहार के बाद तीनों वापस अपने घर लौट रहे थे।
जंजगिरी रोड पर शैलदेवी महाविद्यालय अंडा के आगे उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में योगेश को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर अंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल योगेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंडा थाना प्रभारी शिव प्रसाद चन्द्रा, एएसआई राजेश कुमार साहू और पुलिस स्टाफ ने घटनास्थल का पंचनामा किया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल वाहन क्रमांक CG 07 AR 4898 के चालक नितेश कुर्रे द्वारा तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में योगेश की पत्नी संगीता यादव और उनका एक वर्षीय बच्चा सुरक्षित बताए गए हैं। हादसे में योगेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रक्षाबंधन की खुशियां अचानक गम में बदल गईं।
अंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 90/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने BNS की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Tags: