Raipur. रायपुर। गोबरानवापारा में पारिवारिक विवाद के चलते हुए हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी साहेब कुमार ताती को बिहार के जमुई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी बहन सोनी कुमारी और उसके बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था, जिसमें ढाई वर्षीय बच्ची सुरूचि की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 10 मार्च 2025 को हुई, जब सोनी कुमारी के भाई साहेब ताती ने अपने बहन के दूसरे विवाह से नाराज होकर उसकी हत्या की कोशिश की और बच्चों पर भी जानलेवा हमला किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और बिहार के जमुई में छिपा था, जिसे पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने आरोपी को ट्रैक किया और बिहार से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपनी बहन के दूसरे विवाह को लेकर गुस्से में आकर अपराध करने की बात कबूली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील ब्लेड जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109 के तहत मामला दर्ज किया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी - साहेब कुमार ताती पिता सुरेश ताती उम्र 25 साल निवासी ग्राम हरनारायणपुर थाना जमुई जिला जमुई बिहार।
Tags: