पैतृक जमीन विवाद में दो भाइयों के परिवार भिड़े, लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला

छग

Update: 2026-05-19 18:29 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा गांव में पैतृक जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए विवाद में कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, शिवकुमार राठौर, सुरेश कुमार राठौर और रामकिशोर राठौर सगे भाई हैं और उनके बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन विवाद कई बार आपसी बातचीत के बावजूद सुलझ नहीं सका था।

घटना सोमवार की बताई जा रही है, जब शिवकुमार राठौर अपने दोनों बेटे आशीष और अभिषेक के साथ खेत की ओर गए थे। उसी समय खेत में सुरेश कुमार राठौर और रामकिशोर राठौर अपनी-अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद फिर से भड़क उठा। शुरुआत में कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने खेत में मौजूद कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, फावड़ा और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। तब तक दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो चुके थे। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गतौरा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग दहशत में हैं। सूचना मिलने पर मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
Tags:    

Similar News