फर्जी दस्तावेजों से सरकारी नौकरी दिलाने वाला मास्टरमाइंड फैजान खान गिरफ्तार

छग

Update: 2025-06-23 15:40 GMT
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी नौकरी दिलाने के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी फैजान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। आरोपी फैजान खान (38) आगरा के फतेहाबाद का निवासी है और फरीदाबाद में जन सेवा केंद्र चलाता था। मामला 6 जून 2025 का है, जब योगेंद्र कुमार (अलीगढ़ निवासी) और प्रशांत राजपूत (आगरा निवासी) पुलिस कार्यालय मुंगेली में चरित्र सत्यापन के लिए पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि दोनों ने ग्राम कंतेली का फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि फैजान खान ने ही पैसों के बदले फर्जी आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बनाकर उन्हें मुहैया कराए थे। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल केंद्रीय बलों (Central Forces) में भर्ती के लिए किया जा रहा था। फैजान के पास से फर्जी स्टांप पैड, लकड़ी व रबर की सीलें, एक पेन ड्राइव, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैजान खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई को मुंगेली पुलिस ने गंभीर साइबर व दस्तावेज अपराधों पर बड़ी कामयाबी के रूप में देखा है।
Tags:    

Similar News