ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन, तिलहन, मक्का, गन्ना फसल लेने किसानों को करें प्रोत्साहित: कलेक्टर
बालोद: कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन, तिलहन, मक्का एवं गन्ना फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करें। श्री महोबे कल तहसील मुख्यालय गुण्डरदेही में कृषि विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन, मक्का एवं गन्ना फसलों का क्षेत्र विस्तार हेतु आयोजित कार्यशाला सह प्रशिक्षण में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर में कमी एवं ग्रीष्मकालीन धान में जल की अधिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दलहन, तिलहन, मक्का एवं गन्ना की खेती करने हेतु किसानों को स्थायी एवं टिकाउ खेती करने प्रेरित किया जाए। क्षेत्र में भूमि के प्रकार के अनुसार खरीफ एवं रबी मौसम में धान के फसल के स्थान पर अन्य वैकल्पिक लाभदायक फसलों की कार्ययोजना तैयार करेें। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन धान की तुलना में गन्ना का फसल अधिक लाभकारी है। कलेक्टर ने उपस्थित किसानों, कृषि प्रसारकर्ताओं एवं कृषक मित्रों से भी चर्चा की।