गरियाबंद में नक्सलियों से मुठभेड़ जारी, कई नक्सलियों के मारे गए, IG अमरेश मिश्रा ने दी जानकारी
छग
Gariaband. गरियाबंद। गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश मिश्रा ने बताया कि जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल सर्च अभियान जारी है और इलाके को पूरी तरह घेरकर कार्रवाई की जा रही है। IG अमरेश मिश्रा ने कहा, “गरियाबंद में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। गोलीबारी रुक-रुक कर हो रही है। हमारी टीमें सतर्कता से ऑपरेशन को अंजाम दे रही हैं। कुछ नक्सलियों के मारे जाने की आशंका है, लेकिन इसका आधिकारिक आंकड़ा मेडिकल और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सामने आएगा।”
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की उपस्थिति की पुष्टि होने के बाद इलाके में घेराबंदी की थी। इसके बाद नक्सलियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाब में सुरक्षा बलों ने भी कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल दुर्गम जंगल क्षेत्र में है, जिससे ऑपरेशन में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षाबलों की टीमें लगातार इलाके की तलाशी ले रही हैं और घायल नक्सलियों की तलाश कर रही हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है ताकि नक्सली किसी अन्य दिशा में भाग न सकें। IG ने बताया कि अभियान में पुलिस, एसटीएफ, DRG सहित कई बल शामिल हैं।
गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के अनुसार नक्सली कमांडर मनोज उर्फ़ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ़ भास्कर मुठभेड़ में मारा गया है। साथ ही उड़ीसा स्टेट कमेटी का सदस्य प्रमोद उर्फ़ पाण्डु (SZCM) भी ढेर हुआ है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार कुल 8 से 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। पुलिस और सुरक्षा बल अभी पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
रायपुर रेंज के IG अमरेश मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ अत्यंत तीव्र रही और नक्सलियों ने पहले गोलियां चलाईं, लेकिन सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें पीछे धकेल दिया। उन्होंने कहा, “यह ऑपरेशन नक्सली नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। नक्सली कमांडर मनोज उर्फ़ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ़ भास्कर की मौत नक्सली गतिविधियों पर बड़ा प्रभाव डालेगी। उड़ीसा स्टेट कमेटी के सदस्य प्रमोद उर्फ़ पाण्डु का भी मारा जाना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।” पुलिस सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है। सर्च अभियान अभी जारी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि कोई नक्सली भाग न सके।
ऑपरेशन पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा बलों को सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस मुठभेड़ से इलाके में तनाव की स्थिति है, लेकिन पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। यह मुठभेड़ नक्सल विरोधी अभियान की एक अहम कार्रवाई मानी जा रही है और इसकी सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति स्थापित करने में मदद मिलेगी। पुलिस की ओर से आगे की जानकारी मिलते ही अपडेट दिया जाएगा।