बुजुर्ग की हत्या कर लूटपाट, धमतरी के अर्जुनी इलाके में जघन्य वारदात

छग

Update: 2025-09-02 08:10 GMT

धमतरी। धमतरी में अपराध का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन यहां अलग अलग इलाके से चाकूबाजी और हत्या जैसे कई अपराधिक मामला सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जहां बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला अर्जुनी थाना इलाके के ग्राम भानपुरी में बीती रात की है। इस सनसनीखेज लूट और हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग कृत राम साहू को तीन नकाबपोश बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया और घर से लाखों के जेवर-नकदी लूट ले गए।

बताया जा रहा है ​कि कृत राम साहू अपने घर में पत्नी के साथ रहते थे। घर के ऊपरी हिस्से को उन्होंने किराएदार महिलाओं को दे रखा था। बीती रात करीब तीन नकाबपोश लुटेरे साहू दंपति के घर में घुसे और उन्हें बंधक बना लिया। लुटेरों ने जेवर और नगद की मांग की, लेकिन शोर मचाने पर बुजुर्ग से उनका संघर्ष हो गया। इसी दौरान बदमाशों ने घर में रखे धारदार हंसिया से बुजुर्ग पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के कमर और कूल्हे पर गहरे जख्म हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद करीब 5 से 6 ग्राम सोना, चांदी और नगद रकम लूट ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी पुलिस, एसपी सूरज सिंह परिहार, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। एएसपी ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं। गांव में भय और दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन गांव में पहली बार इतनी बड़ी लूट के साथ हत्या की घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया है।

Tags:    

Similar News

null