Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद 74 वर्षीय बुजुर्ग की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पंतोरा चौकी और बलौदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मृतक की पहचान ग्राम गतवा निवासी जोत राम कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 25 सितंबर 2026 की है। ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। इसके बाद रोहित बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद रोहित कश्यप, राहुल कश्यप और 74 वर्षीय जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान गांव के हाईस्कूल के पास उन्हें शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप मिले। रोहित, राहुल और जोत राम मोटरसाइकिल से उतरकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान चारों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्के और पैर से रोहित, राहुल और जोत राम के साथ मारपीट की।
पुलिस का आरोप है कि सविता कश्यप ने राहुल कश्यप को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। हमले के दौरान बुजुर्ग जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया और उनके सिर एवं छाती पर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। गंभीर चोट लगने के कारण जोत राम कश्यप की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा किया और मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप से घटना के संबंध में पूछताछ की। विवेचना और पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार शिव कुमार कश्यप ग्राम गतवा का पूर्व सरपंच बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार कश्यप पिता महेश राम कश्यप, संजय कश्यप पिता महेश राम कश्यप, नारायण कश्यप पिता शिव कुमार कश्यप और सविता कश्यप पति शिव कुमार कश्यप शामिल हैं। सभी ग्राम गतवा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. साहू, एएसआई जयनंदन मार्बल सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की भूमिका रही।
Tags: