करंट से बड़े भाई की मौत, छोटे ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

छग

Update: 2026-03-02 14:37 GMT
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के महेशपुर गांव में दर्दनाक घटनाक्रम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बड़े भाई की करंट लगने से हुई मौत के बाद सहमे छोटे भाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने अपनी टी-शर्ट पर पत्नी के नाम संदेश लिखते हुए “रीना मुझे माफ कर देना” लिखा था। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार को महेशपुर गांव में खेत की फेंसिंग के लिए लगाए गए तार में करंट फैल जाने से नर्मदा प्रसाद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेतों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए तार लगाया गया था, जिसमें बिजली का प्रवाह था। इसी दौरान नर्मदा प्रसाद अनजाने में करंट की चपेट में आ गए और तार से चिपक गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई की अचानक मौत से परिवार में शोक और तनाव का माहौल बन गया। घर में विवाद और अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी। इसी सदमे और भय के बीच छोटे भाई गणेश राम ने रात में घर से कुछ दूरी पर स्थित एक महुआ पेड़ पर फांसी लगा ली। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गणेश राम का शव पेड़ से लटकता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। जांच के दौरान गणेश राम की टी-शर्ट पर हाथ से लिखा संदेश मिला। जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी रीना के लिए “रीना मुझे माफ कर देना” लिखा था।

इसे प्राथमिक रूप से सुसाइड नोट माना जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, बड़े भाई की मौत के बाद गणेश राम काफी डरे और सहमे हुए थे। उन्हें आशंका थी कि घटना को लेकर परिवार या गांव में विवाद बढ़ सकता है। संभवतः इसी मानसिक दबाव और भय के कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने दोनों शवों का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया। प्रारंभिक जांच में बड़े भाई की मौत करंट लगने से होना सामने आया है, जबकि छोटे भाई की मौत फांसी लगाने से हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि खेत की फेंसिंग में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित की गई थी या नहीं। गांव में इस दोहरी त्रासदी के बाद शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से परिजन बेसुध हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खेतों में फेंसिंग के लिए अवैध रूप से बिजली प्रवाहित न करें, क्योंकि इससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं। फिलहाल प्रेमनगर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News