दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत चलाया सघन चेकिंग अभियान

छग

Update: 2025-11-26 16:55 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने बुधवार तड़के जिले के संवेदनशील और संदिग्ध क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सघन कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन विश्वास के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई सुबह 4 बजे से 7 बजे तक चली और छावनी एवं दुर्ग अनुविभाग के प्रमुख इलाकों को कवर किया गया। विशेष रूप से छावनी के देवार मोहल्ला, मछली मार्केट, खुर्सीपार और दुर्ग अनुविभाग के सिकोला भाठा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इन इलाकों को लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, हथियारबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के लिए चिन्हित किया गया था। पुलिस ने इस अभियान के लिए विशेष रणनीति अपनाई और तड़के ही इन क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी। धुंध के बीच पुलिस की कई टीमों ने अलग-अलग हिस्सों में एक साथ पहुंचकर करीब 300 मकानों में दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस दल घरों के भीतर मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन में जुटा रहा।

अभियान की कमान संबंधित अनुविभाग के नगर पुलिस अधीक्षकों के पास थी, जबकि राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में पुलिस की विशेष टीमों ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। इन सभी का मौके पर ही फिंगरप्रिंट लिया गया। पुलिस अब इन फिंगरप्रिंट्स का डेटाबेस तैयार कर रही है, जिससे भविष्य में अपराधों की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान में मदद मिलेगी। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखना, नशा तस्करी पर नकेल कसना और उन आरोपियों पर कार्रवाई करना था जो चाकू और अन्य हथियारों के बल पर इलाके में आतंक फैला रहे थे। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने आगे कहा कि इस अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण इनपुट भी मिले हैं। अब पुलिस इन जानकारियों का तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के मिलान के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। अभियान से पुलिस को अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक डेटा और संदिग्ध गतिविधियों का रियल-टाइम इनसाइट प्राप्त हुआ है। इस बड़े पैमाने पर हुए अभियान से दुर्ग जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत करने, अपराधियों और नशा तस्करों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया जा सके।
Tags:    

Similar News