Bilaspur. बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर कार और मोटरसाइकिल में आग लगाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां आरोपी ने पार्किंग को लेकर विवाद के बाद वाहन जलाने की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मुकेश कुमार देवांगन पिता स्वर्गीय बसंत देवांगन उम्र 45 वर्ष निवासी जूना बिलासपुर किलावार्ड देवांगन मोहल्ला थाना सिटी कोतवाली ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने अपनी महिंद्रा थार कार क्रमांक सीजी 10/बीपी 7770 को दयालबंद क्षेत्र में अपने दोस्त सौरभ पानीकर के कार्यालय के सामने खड़ा किया था।
पार्किंग के नाम पर मांगे पैसे, विवाद के बाद दी धमकी
प्रार्थी के मुताबिक, 16 सितंबर की रात करीब 8 बजे आरोपी प्रियांशु पानीकर नशे की हालत में वहां पहुंचा। आरोपी ने वाहन खड़ा करने को लेकर पैसे मांगना शुरू कर दिया। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कथित रूप से धमकाते हुए कहा कि वह वाहन को जला देगा। इसके बाद अगले दिन सुबह प्रार्थी को जानकारी मिली कि प्रियांशु पानीकर और उसके साथी विधि से संघर्षरत बालक ने मिलकर उसकी थार कार और पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11/एमबी 7981 में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी प्रियांशु पानीकर पिता अजय उर्फ नान पानीकर उम्र 21 वर्ष निवासी गुजराती किराना दुकान के पास दयालबंद, थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया। वहीं उसके साथी विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वाहन जलाने जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
Tags: