ट्रेलर में 250 यात्रियों को लेकर सैर करने निकला चालक, गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-21 14:05 GMT
Raipur. रायपुर। खरोरा थाना पुलिस ने 20 मार्च 2026 की रात तिगड्डा चौक पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक मालवाहक ट्रेलर में असामान्य रूप से 200–250 यात्री सवार पाए जाने के बाद चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए यात्रियों को जनप्रतिनिधियों और स्थानीय सहयोग के माध्यम से सुरक्षित उनके गृह ग्राम तक पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में आरोपी चालक शोभित राम निषाद (उम्र 30 वर्ष, पिता प्रेमलाल निषाद, ग्राम बहेरघर, थाना बेमेतरा, जिला बेमेतरा) को गिरफ्तार किया गया।

घटना की जानकारी के अनुसार, रात लगभग 08:00 बजे तिगड्डा चौक खरोरा में चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रेलर क्रमांक CG 04 PP 8113 को रोका। वाहन में असामान्य रूप से 200–250 यात्री सवार पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता चला कि सभी यात्री ग्राम बहेरघर, थाना बेमेतरा के निवासी हैं और चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंदपुर, रायगढ़ में दर्शन कर अपने गृह ग्राम लौट रहे थे। जांच में पाया गया कि चालक शोभित राम निषाद ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाया। वाहन में इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को बैठाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन था, बल्कि यात्रियों की जान के लिए गंभीर खतरा भी था। वाहन रोकने पर आरोपी ने ड्यूटी में तैनात पुलिस स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया और समझाइश के बावजूद असहयोग और आक्रामक रवैया अपनाया।

घटना स्थल पर खरोरा नगर के मुख्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में आम नागरिक, जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद और पत्रकार उपस्थित हुए। उन्होंने पुलिस कार्यवाही का समर्थन किया और पिछले समय ग्राम बंगोली के समीप हुई गंभीर सड़क दुर्घटना (जिसमें 13–14 महिलाओं और बच्चों की मृत्यु हुई थी) का हवाला देते हुए ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने पर बल दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना खरोरा पुलिस ने ट्रेलर चालक को थाना लाया और तुरंत वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ धारा 281 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

साथ ही, वाहन में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने त्वरित वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था की। यात्रियों को उनके गृह ग्राम तक पहुँचाने के लिए 2 बस और 5 क्रूजर वाहनों की व्यवस्था की गई। यात्रियों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से रवाना किया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें, क्योंकि ऐसे वाहन यात्रियों के परिवहन के लिए सुरक्षित नहीं होते और दुर्घटना की स्थिति में गंभीर जनहानि हो सकती है। सभी से अनुरोध है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
Tags:    

Similar News